झालरापाटन 62.34, खानपुर में 59.42% मतदान
पिछली बार से खानपुर में 2 फीसदी कम, झालरापाटन में 0.4 फीसदी बढ़ा
झालावाड़. गांवों की सरकार चुनने के लिए चौथे चरण के चुनाव शनिवार को संपन्न हुए। पंचायत समिति झालरापाटन व खानपुर में कई स्थानों पर बुजुर्ग व युवा भी गंावों की सरकार चुनने कोउत्साह से मतदान करने पहुंचे। सुबह के समय हालांकि कई केन्द्रों पर सन्नाटा नजर आया। बाद में धीरे-धीरे मतदान बढ़ता गया। सुबह दस बजे तक झालरापाटन पंचायत समिति में 14.58 व खानपुर में 15.52 फीसदी मतदान हुआ। चौथे चरण के चुनाव सभी 310 बूथ पर शांतिपूर्वक संपन्न हो गए। झालरापाटन में पंचायत समिति सदस्यों के18 वार्ड के लिए 38 प्रत्याशी तथा जिला परिषद में 3 वार्ड में 6 प्रत्याशी मैदान में है। वहीं खानपुर में पंचायत समिति के 18 वार्ड में 39 सदस्य व जिला परिषद के 4 वार्ड में 8 प्रत्याशियों के लिए मतदाताओं ने जोश के साथ मतदान किया। जिले में जिला परिषद के 56 व आठों पंचायत समितियों में 362 उम्मीदवार मैदान में है। अब लोगों को 8 दिसम्बर का इंतजार है। आठ दिसम्बर को मतगणना के साथ ही कई के सिर पर जीत का सेहरा बंधेगा तो कई को निराशा हाथ लगेगी।
कारों से भी लाए मतदाताओं को
पंचायत समिति व जिला परिषद सदस्यों के चुनाव में शनिवार को कई अकतासा, असनावर व बड़ोदिया, जूनाखेड़ा में मतदाओं को कारों से लाते हुए नजर आए। वहीं अकतासा में रोड के दोनों तरफ समर्थकों की भीड़ नजर आई तो असनावर में भी हाई स्कूल के पास भीड़ नजर आई।
सोशल डिस्टेंस की पालना करवाई
मतदान केन्द्र राजकीय उच्च माध्यमिक बड़ौदिया पर पुलिस की पुख्ता व्यवस्था थी। पुलिसकर्मी मतदाताओं को गोले में सोशल डिस्टेंंस में खड़े करते नजर आए। वहीं ग्राम विकास अधिकारी रोहिताश्व शर्मा व कनिष्ठ सहायक मुख्य गेट पर खड़े नजर आए। कोरोना गाइड लाइन के अनुसार बिना मास्क आने वालों को मास्क देकर ही अंदर प्रवेश करवाते नजर आए। वहीं एएनएम बीके सुशीला प्रत्येक मतदाता का तापमान चेक करते हुए दिखीं। वहीं बीएलओ कंवरलाल भील, बद्रीलाल पाटीदार, अनिल लोधा, जवाहर सिंह रूहेला, लोकेश चौहान भी मतदान में सहयोग करते नजर आए।
चौथे चरण में 60.69 फीसदी हुआ मतदान
चौथे चरण में पंचायत समिति झालरापाटन एवं खानपुर दोनों पंचायत समितियों के कुल 2 लाख 35 हजार 325 मतदाता में से 1 लाख 42 हजार 824 मतदाताओं ने मतदान किया। झालरापाटन एवं खानपुर क्षेत्र का कुल मतदान 60.69 प्रतिशत रहा। जिले में चार चरणों में पंचायत चुनाव संपन्न हुए।
घटा-बढ़ा मतदान
झालरापाटन में पिछली बार 62.30 फीसदी मतदान हुआ, वहीं इस बार 62.34 फीसदी हुआ, ऐसे में 0.4 फीसदी बढ़ा। वहीं खानपुर पंचायत समिति में गत वर्ष 61.42 फीसदी मतदान हुआ था, इस बार 59.42 फीसदी ही मतदान होने से 2 फीसदी कम वोटिंग हुई है।
8 को होगी मतगणना, जोड़-तोड़ होगी शुरू
चारों चरणों की इवीएम कड़े पहरे के बीच पॉलिटेक्निक कॉलेज में सुरक्षित रखवाई गई है। अब प्रत्याशियों की किस्मत का पिटारा 8 दिसम्बर को इवीएम से बाहर आएगा। ऐसे में जिला प्रमुख व प्रधान के दावेदारों ने अभी से हार-जीत का गणित लगाकर अपने पक्ष में मतदान का जुगाड़ करना शुरू कर दिया है। जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के मतों की गणना राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में 8 दिसम्बर को होगी। इसके लिए जिला परिषद निर्वाचन क्षेत्र के अनुसार व्यवस्थाएं की गई है। मतगणना दो चरणों में होगी। इसके लिए निर्वाचन विभाग ने तैयारी शुरू कर दी गई है। कितनी टेबल पर गणना होगी, एआरओ टेबल पर प्रत्याशियों की ओर से कितने लोग बैठेंगे, उन्हें पास आदि की सुविधा मुहैया करवाई जाएगी।
source https://www.patrika.com/jhalawar-news/jhalrapatan-62-34-59-42-voting-in-khanpur-6556976/
Comments
Post a Comment