बाइक-स्कूटर पर चलेगी रोडवेज की फ्लाइंग
झालावाड़.रोडवेज प्रबंधन अपनी बसों में लीकेज रोकने की पुरजोर कोशिश कर रहा है। बसों की जांच के लिए रूट पर जाने वाली फ्लाइंग टीम के अफसर अब लग्जरी गाडिय़ों में नहीं आएंगे। टीम के रूट पर रवाना होते ही बिना टिकट यात्रा करवा रहे परिचालकों के सतर्क हो जाने से चैकिंग में खास सफलता नहीं मिलने से परेशान रोडवेज प्रबन्धन ने जांच का नया तरीका निकाला है। फ्लाइंग टीम के अफसर रोडवेज बसों की जांच के लिए मोटरसाइकिल और स्कूटर पर जाएंगे। लीकेज पर सख्ती के साथ पार पाने के लिए रोडवेज प्रबंधन ने कर्मचारियों को भी अचरज में डाल दिया। सूत्रों ने बताया कि झालावाड़ जिले में पूर्व में उडऩ दस्ते व परिचालकों के बीच कई बार कार्रवाई को लेकर नोकझोंक भी हो चुकी हैए अब नए प्रयोग से सही कार्रवाई हो पाएगी।
फटाफट बना देते थे टिकट-
केन्द्रीय या आगार स्तरीय फ्लाइंग टीम के रवाना होने की सूचना लीक हो जाती है। टीम की जीप या कार तक के नंबर परिचालकों तक पहुंच जाते हैं। इससे परिचालक रूट पर अलर्ट हो जाते है। बिना टिकट यात्रा करा रहे परिचालक बस की जांच के डर से फटाफट बना देते है। ऐसे में परिचालक के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाती है। इसलिए प्रशासन ने लीकेज रोकने के लिए नया तरीका निकाला है।
इसलिए बनाई योजना-
रोडवेज में उडऩ दस्ते की लोकेशन परिचालकों को सोशल मीडियाए एसटीडी.पीसीओ संचालक व अन्य अनाधिकृत व्यक्ति पहुंचा देते हैं। इसका बड़ा कारण इन व्यक्तियों के पास रोडवेज के निजी व सरकारी वाहनों के नंबर खिले होते हैं। इसी आधार पर सूचना आगे भेजी जाती है। दस्ते के रूट पर पहुंचने की सूचना लीक हो जाती है। इससे निपटने के लिए आगार के मुख्य प्रबंधकए यातायात प्रबंधक निरीक्षक के दौरान प्रयास करेंगे कि वह जीप या अन्य चौपहिया वाहनों का प्रयोग नहीं करेंगे। दस्ता अब बाइक या अन्य दुपहिया वाहनों पर जाकर चेकिंग करेंगे। हर बार दुपहिया वाहन बदल कर निरीक्षक करेंगे। आगार प्रबंधकों को रोडवेज मुख्यालय द्वारा इसके के निर्देश दिए गए है।
ऐेसे पकड़ेंगे गड़बड़ी-
रोडवेज मुख्यालय ने दस्ते की सूचना लीक होने के मामले को गंभीरता से लिया है। जासूसी पर पार पाने के लिए आगार प्रबंधकों को अपने जासूस तैयार करने के लिए कहा है। इसके तहत उडऩ दस्ते की सूचना सोशल मीडिया या अन्य साधन से परिचालकों तक पहुंचाने वाले या गड़बड़ी में लिप्त रोडवेज कर्मचारियों की सूचना आगार के मुख्य प्रबंधक या यातायात प्रबंधक को कोई भी व्यक्ति दे सकता है। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। सही पाए जाने पर इनाम भी दिया जाएगा।
राजस्व की छीजत में कमी आएगी-
मुख्यालय का अच्छा प्रयास है, इससे राजस्व की छीजत में कमी आएगी। एकाध दिन में आदेश आ जाएंगे। उसके बाद नियमानुसार बाइक से उडऩ देस्ते रोटेशन के हिसाब से भेजने की कार्रवाई करेंगे।
नौरंग लाल सैनी,चीफ मैनेजर रोडवेज, झालावाड़ आगार।
source https://www.patrika.com/jhalawar-news/roadways-flying-will-run-on-bike-scooters-6597640/
Comments
Post a Comment