कॉलेज में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया आज से : सोच समझ करें विषय का चयन, नहीं होगा बदलाव
झालावाड़.कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय की ओर से कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया सोमवार से शुरू होगी। शैक्षणिक सत्र 2022-23 के लिए सोमवार से प्र्रथम वर्ष के लिए ऑनलाइन प्रवेश आवेदन भरना शुरू होंगे। आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 9 जुलाई, अंतिम वरीयता सूची तथा प्रतीक्षा सूची का प्रकाशन 13 जुलाई को किया जाएगा। अभ्यर्थियों द्वारा महाविद्यालय में दस्तावेजों का सत्यापन करवाकर ई मित्र पर शुल्क जमा कराने की अंतिम तिथि 18 जुलाई है।
ये दस्तावेज लगाने होंगे आवेदन के साथ-
कॉलेज में जिन विद्यार्थियों का प्रवेश होगा उनकी प्रथम सूची का प्रकाशन 19 जुलाई को किया जाएगा। प्रवेश प्रभारी डॉ. अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि दस्तावेजों को ऑनलाइन फार्म के साथ अपलोड कराने के लिए मूल दसवीं, बारहवीं की तालिका, टीसी, चरित्र प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्रए जाति प्रमाण पत्र, ओबीसी,एमबीसी तथा ईडब्ल्यूएस का नया प्रमाण पत्र ही आवेदन पत्र के साथ लगाए,इन सभी दस्तावेजों को अपने प्रवेश आवेदन पत्र के साथ सावधानीपूर्वक अपलोड करें। एमबीसी कैटिगरी के आवेदक अपने आवेदन पत्रों को विशेष सावधानी के साथ भरे, प्रवेश फार्म में जहां भी कैटिगरी पूछी जाए वहां एमबीसी लिखें। कोई भी कॉलम खाली ना छोड़े, विशेष तौर से आय प्रमाण पत्र संबंधी मूल प्रमाण पत्र में सभी पूछी गई जानकारियों के संदर्भ में जरूर लिखा जाए। अपलोडेड दस्तावेजों के अभाव में,अधूरे दस्तावेजों, गलत दस्तावेजों के पाए जाने पर प्रवेश संभव न होगा।
इतनी है सीटें -
पीजी कॉलेज में प्रथम वर्ष में जिन सीटों पर प्रवेश होगा उनमें राजनीतिशास्त्र में 560, हिंदी साहित्य, इतिहास तथा समाजशास्त्र में400-400, भूगोल में 160 और अर्थशास्त्र, अंग्रेजी साहित्य तथा उर्दू में 80-80 सीटें हैं। समग्र प्रवेश प्रभारी डॉ. वीपी सिंह ने बताया कि प्रवेशार्थी सीटों को ध्यान में रखते हुए सजग होकर अपने सामने सावधानी पूर्वक ई-मित्र पर विषय ग्रुप का चयन वरीयता क्रम में करके ही फार्म भरे।
बदलाव संभव नहीं-
कॉलेज आयुक्तालय ने इस बार बदलाव किया है। ऐसे में विद्यार्थियों को सलाह दी जाती है। कि वो अपने विषय का चयन बहुत सोच समझ कर ही करें। इस वर्ष आयुक्तालय द्वारा आवंटित विषयों में बदलाव नहीं होगा।महाविद्यालय स्तर पर भी किसी तरह का बदलाव संभव नहीं होगा।प्रवेश प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो जाएगी।
डॉ.फूलसिंह गुर्जर, प्राचार्य, पीजी कॉलेज, झालावाड़।
खाते में आए पैसे लौटाए
झालावाड़.झालरापाटन महात्मा गांधी कॉलोनी निवासी एक शिक्षक के खाते में गलती से पैसे आने पर रविवार को वापस लौटाकर ईमानदारी का परिचय दिया।शिक्षक राजकीय प्राथमिक विद्यालय मारुमखेडी में पदस्त है। शिक्षक के खाते में गुजरात की देसाई अल्पाबेन के अपने खाते में आए 11222 रुपए वापस लौटाकर ईमानदारी का परिचय दिया।
कोर्ट स्टे के बाद भी निर्माण,कार्रवाई के लिए कलक्टर को दिया ज्ञापन
झालावाड़.शहर में कुंजडा गली में एक भूखंड के मामले में कोर्ट स्टे के बाद भी अवैध तरीके से निर्माण किया जा रहा है। इसको लेकर शहर के मो. वसीम आलम ने जिला कलक्टर को दिए ज्ञापन में बताया कि 27 अप्रेल 2022 को उच्च न्यायालय में एक अपील की इस पर उच्च न्यायालय ने दोनों पक्षों को यथास्थिति बनाए रखने के आदेश दिया था। इसके बाद भी एक पक्ष द्वारा निर्माण कार्य करवाया जा रहा है जो कोर्ट के आदेश की अवहेलना है। नगर परिषद को निर्माण कार्य बंद करवाकर निर्माण स्वीकृति के विरूद्ध कार्यवाही अमल में लाने के लिए कहा।
चारो विधानसभा में आज होगा अग्निपथ का विरोध
झालावाड़.जिले की चारों विधानसभा में सोमवार को अग्निपथ योजना का विरोध किया जाएगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह गुर्जर ने बताया कि पीसीसी के निर्देशानुसार चारो विधानसभा क्षेत्रों में समन्वयकों की मौजूदगी में सोमवार को केन्द्र सरकार की अग्निपथ योजना का विरोध शान्ति पूर्ण सत्याग्रह कार्यक्रम के सुबह 10 बजे से शुरू किया जाएगा। प्रवक्ता मोहम्मद शफीक खान ने बताया कि झालरापाटन विधानसभा क्षेत्र का कार्यक्रम झालरापाटन तहसील के सामने जिलाध्यक्ष की अगुवाई में सत्याग्रह कार्यक्रम होगा।
source https://www.patrika.com/jhalawar-news/online-admission-process-in-college-from-today-choose-the-subject-wis-7616976/
Comments
Post a Comment