जिम्मेदारों की आंखों पर लापरवाही की पट्टी,जनाना चिकित्सालय के लेबर रूम में भरा गंदा पानी
झालावाड़. शहर के सबसे बड़े राजकीय हीरा कुंवर बा जनाना चिकित्सालय में इन दिनों प्रसूताओं व नवजात शिशुओं में संक्रमण का खतरा बना हुआ है।
सोमवार तड़के हुई जोरदार बारिश के बाद जनाना चिकित्सालय की छतों का पानी टॉयलेट के रास्ते होते हुए लेबर रूम तक पहुंच गया। ऐसे में यहां मंगलवार को जनाना चिकित्सालय के स्टाफ ने गंदगी में काम करने से मना कर दिया। जनाना चिकित्सालय में गर्भवती महिलाओं सहित प्रसुताओं में संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। जनाना चिकित्सालय के स्टाफ ने सुबह आठ बजे से 10 बजे तक काम का बहिष्कार किया। ऐसे में चिकित्सालय में लेबर में सहित अन्य जगह सुबह का काम खासा प्रभावित रहा।
इसलिए भरता पानी-
सूत्रों ने बताया कि जनाना चिकित्सालय की छतों का पानी लेबर रूम के पास ही चौक में पाइप द्वारा आता है। पाइप छोटे होने से पानी की निकासी नहीं हो पाती है। पाइप लाइन के पाइप चौक होने से छत का सारा पानी टॉयलेट से होते हुए लैबर में आता है, ऐसे में यहां प्रसूता महिलाएं तथा जिनकी सीजेरियन डिलेवरी होती है उन्हे भी लेबर रूम के पास ही रखा जाता है। ऐसे में जच्चा-बच्चा में गदंगी के बीच संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। लेकिन जिम्मेदारों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। ये समस्या गत वर्ष भी आई थी, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं हो पाया हंै।
सोनोग्राफी रूम से लेकर लैबर रूम में पानी ही पानी
हीरा कुंवर बा जनाना चिकित्सालय के सोनोग्राफी रूम से लेकर लेबर रूम तक पानी भर जाने से गर्भवती महिलाओं के पैर फिसलने का खतरा बना हुआ है। बारिश बंद होने के बाद भी एक बजे तक पानी को साफ नहीं किया गया। बहुत देर बाद अधीक्षक के आने के बाद पानी को साफ करवाया गया, लेकिन वो भी लंबे तक नहीं सूखा। ऐसे में यहां महिलाओं के फिसलने का डर बना रहा।
हर बार की परेशानी-
जनाना चिकित्सालय में हर वर्ष यही परेशानी आती है। लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समस्या का समाधान निकलने की बजाए एसी रूम से बाहर नहीं आते हैं। ऐसे में मरीजों में संक्रमण का खतरा अधिक बढ़ जाता है। जनाना चिकित्सालय में जब ये हालात बने उस समय करीब 35 महिलाएं भर्ती थी,जिनमें से करीब तीन महिलाओं के सीजेरियन ऑपरेशन होना था, लेकिन उन्हे भी खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दो घंटे बैठे रहे
जब पानी लेबर रूम से नहीं निकला तब तक किसी भी कर्मचारी ने काम नहीं किया। डॉक्टरों ने भी राउंड नहीं किया ऐसे में जिन गर्भवती महिलाओं की डिलेवरी होने वाली थी, उन्हे भी खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं नाइट स्टाफ ने सिर पर व पैरों में थैलियां पहनकर बड़ी मुश्किल से काम किया।
सही करवाएंगे-
जनाना में बारिश का पानी लेबर रूम तक आ गया तो क्या कारण रहा पता कर सही कराएंगे, आगे से ऐसी परेशानी नहीं होगी।
डॉ.संजय पोरवाल, अधीक्षक जनाना, चिकित्साल
source https://www.patrika.com/jhalawar-news/negligence-bandage-on-the-eyes-of-the-responsible-dirty-water-filled-7648788/
Comments
Post a Comment