शिक्षा विभाग के तत्कालीन कनिष्ठ लेखाकार गुर्जर को कोटा एसीबी ने किया गिरफ्तार
झालावाड़। एसीबी कोटा ने झालावाड़ कोष कार्यालय के तत्कालीन कनिष्ठ लेखाकार रविकुमार गुर्जर को सोमवार को गिरफ्तार किया है।
एसीबी कोटा के एएसपी विजय स्वर्णकार ने बताया कि 19 अक्टूबर 2020 कों परिवादी ईश्वरसिंह ने कोटा एसीबी में परिवाद दिया था कि उसकी फर्म ने राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा परियोजना में जीएसएस सलोतिया में भवन निर्माण कार्य लागत 37 लाख 44 हजार 298 रुपए का ऑर्डर दिया था। यह निर्माण कार्य 2019 में पूरा कर लिया था। भवन निर्माण की शेष राशि के भुगतान का बिल शिक्षा विभाग में पेश किया। यह बिल शिक्षा विभाग झालावाड़ के तत्कालीन एडीपीसी रंगलाल मीणा, महेन्द्र मीणा सहायक लेखाधिकारी से मिला तो दोनों अधिकारियों ने बिल पास करवाने की ऐवज में 2 प्रतिशत के हिसाब से 44 हजार रुपए की घूस मांग की थी। घूस की राशि के संबंध में विभाग के वरिष्ठ सहायक दीपक वर्मा से बात करने केा कहा। दीपक के कहने पर परिवादी आरोपी कनिष्ठ लेखाकार रवि गुर्जर से मिला। ईश्वरसिंह ने बिल के टोकन जारी करने की एवज में 500 रुपए रिश्वत राशि सत्यापन के दौरान ले ली। बाद में आरोपी दीपक वर्मा को एसीबी ने 40 हजार रुपए की घूस लेते हुए ट्रैप कर लिया था। एसीबी ने वर्मा से रिश्वत राशि लेने के बारे में पूछताछ की तो उसने यह राशि रंगलाल मीणा एवं महेन्द्र मीणा के कहने पर लेना कबूल किया। दोनों आरोपी से वर्मा ने मोबाइल पर रिश्वत रािश के संबंध में बात भी की थी। बाद में एसीबी ने यह प्रकरण मुख्यालय भेजा गया। मुख्यालय के आदेश पर तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक झालावाड़ रंगलाल मीणा व वर्मा के खिलाफ जुर्म प्रमाणित पाया गया। दोनों के खिलाफ अदालत में चालान भी पेश कर दिया। आरोपी महेन्द्र मीणा तथा रविकुमार गुर्जर के खिलाफ अनुसंधान लम्बित रखा गया था। एसीबी ने आरोपी गुर्जर को गिरफ्तार कर कोटा में न्यायालय में पेश किया। जहां उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
source https://www.patrika.com/jhalawar-news/then-junior-accountant-of-the-education-department-gurjar-was-arreste-7674011/
Comments
Post a Comment