राहुल बोले: यह महाराणा प्रताप का देश किसी से नहीं डरता
चंवली (झालावाड़). कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का राजस्थान में रविवार शाम को चंवली गांव से प्रवेश किया। भाजपा के इस गढ़ में यात्रा का जोरदार आगाज किया। जहां राहुल गांधी ने कहा कि महाराणा प्रताप का यह देश किसी से डरता नहीं है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट का हाथ पकड़वाकर सहरिया आदिवासियों के साथ नृत्य कर सियासी संदेश भी दिया।
कांग्रेस शासित राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा का मध्यप्रदेश सीमा पर स्वागत करने के लिए हजारों लोग उमड़े। इसमें झालावाड़, बारां समेत प्रदेशभर से लोग पहुंचे। राहुल व अन्य यात्रियों के स्वागत में जमकर आतिशबाजी की गई। इसके साथ ही सहरिया व अन्य लोक कलाकारों ने प्रस्तुतियां दी। इस अवसर पर राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें मध्यप्रदेश छोडऩे का दुख हो रहा है। जबकि राजस्थान में प्रवेश करने की खुशी हो रही है। राहुल ने राजस्थान की जनता से खुद को जोडऩे के लिए महाराणा प्रताप का नाम लिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि यात्रा को राजस्थान में भी जनता का भरपूर प्यार मिलेगा।
-हवाई जहाज-हेलीकॉप्टर से समझ नहीं आती बातें
राहुल ने कहा कि राजनेता कभी हवाई जहाज में उड़ते हैं और कभी हेलीकॉप्टर से आते हैं और कभी गाड़ी में आते हैं। 21वीं सदी में अगर हिंदुस्तान को समझना है और यहां के किसानों, युवाओं व मजदूरी से बात करनी है तो पैदल चलने की जरुरत है। जैसे-जैसे हिंदुस्तान की आम जनता सडक़ों पर चलती है, वैसे ही हमें करना चाहिए।
-श्रीनगर में फहराएंगे तिरंगा
राहुल ने कहा कि करीब 2300 किलोमीटर से अधिक की यात्रा कर चुके हैं। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र होते हुए मध्यप्रदेश और अब राजस्थान पहुंच रहे हैं। इसके बाद हरियाणा, दिल्ली जाएगी होकर श्रीनगर पहुंचकर तिरंगे को फहराएंगे।
-कमलनाथ की चुनौती, गहलोत ने स्वीकारी
मध्यप्रदेश के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा ऐतिहासिक रही। इस सफलता को राजस्थान छू भी नहीं सकता। इसके लिए कमलनाथ ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को चुनौती भी दी। गहलोत ने कमलनाथ की चुनौती स्वीकारते हुए कहा कि हम मध्यप्रदेश से काफी अच्छी तरह से यात्रा निकालेंगे।
source https://www.patrika.com/jhalawar-news/rahul-said-this-country-of-maharana-pratap-is-not-afraid-of-anyone-7904009/
Comments
Post a Comment