पहले दिन किसी ने भी नहीं भरा नामांकन, वसुन्धरा राजे की तीन को होगी सभा
झालावाड़.विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों के नामांकन करने का सोमवार को पहला दिन था। प्रथम दिन जिले की चारों विधानसभा में किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। जिले में हालांकि भाजपा ने चारों प्रत्याशी घोषित कर दिए है, वहीं कांग्रेस ने अभी नामों की घोषणा नहीं की है। भाजपा प्रत्याशी 4 नवंबर को नामांकन दाखिल करेंगे। निर्वाचन विभाग ने भी अधिसूचना जारी कर दी है। नामांकन पत्र दाखिल करने वाले अभ्यर्थी 6 नवंबर तक संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष सुबह 11 से 3 बजे तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक रंजन ने बताया कि एक उम्मीदवार अधिकतम 4 नामांकन प्रस्तुत कर सकता हैं। चार व्यक्ति ही कर सकेंगे प्रवेश- नामांकन के दौरान अभ्यर्थी को प्रारूप -2 ख, शपथ पत्र में प्रारूप 26, आपराधिक मामले, सम्पत्ति का विवरण, उसके परिवार का विवरण, आय से संबंधित विवरण देना होगा। नामांकन प्रस्तुत करने के दौरान रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में अभ्यर्थी के साथ 4 व्यक्ति ही जा सकेंगे, एक अभ्यर्थी के लिए अधिकतम 3 वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। नामांकन प्रस्तुत करने के दौरान उम्मीदवार के समर्थक रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय परिसर के 100 मीटर के दायरे में प्रवेश नहीं कर सकते हैं।
नामांकन पत्र के साथ ये दस्तावेज लगाने होंगे-
नामांकन पत्र के साथ अभ्यर्थी को बिन्दू संख्या तीन के अतिरिक्त अमानत राशि की रसीद, जाति प्रमाण पत्र (लागू हो तो) शपथ प्रतिज्ञान का प्रारूप, प्रारूप क और ख,लागू हो तो, सत्यापित मतदाता सूची,शपथ प्रतिज्ञान का प्रारूप,प्रारूप क और ख,सांख्यिकी प्रारूप, 6 फोटो लगाने होंगे।
7 नवंबर को होंगी जांच-
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 7 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। वहीं उम्मीदवार 9 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक अपना नाम वापस ले सकते हैं। अभ्यर्थी को नाम निर्देशन पत्र में अंकित सभी कॉलम भरने आवश्यक हैं। सभी रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा कार्यालय की 100 मीटर परिधि में सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेड, नामांकन फॉर्म सहित अन्य आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित कर ली गई हैं। नामांकन के पूर्व सभा करेंगे राजे झालावाड.़ झालरापाटन से भाजपा प्रत्याशी व पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे 4 नवंबर को झालावाड़ उपखंड अधिकारी के समक्ष नामांकन दाखिल करेंगी। इसी दौरान खानपुर, मनोहरथाना व डग के प्रत्याशी भी अपने-अपने आरओ के समक्ष नामांकन भरेंगे।
नामांकन से एक दिन पूर्व होगी सभा-
वसुन्धरा राजे चार नवंबर को नामांकन दाखिल करेंगी, उससे एक दिन पूर्व तीन नवंबर को बस स्टैंड के पास प्रवीण शर्मा क्रिकेट ग्राउंड में राजे की सभा होगी। सभा में कौन-कौन बड़े नेता आएंगे अभी इसकी अधिकारिक पुष्ठि नहीं हुई है। लेकिन राजे नामांकन से एक दिन पूर्व जिले की जनता को संबोधित करेंगी। कांग्रेस की सूची का इंतजार- नामांकन भरना शुरु हो गए है। लेकिन अभी कांग्रेस की सूची का इंतजार बना हुआ है। हालांकि सूची में देरी को देखते हुए सोशल मीडिया पर कई फर्जी सूची दिनभर वायरल हो रही है। ऐसे में कार्यकर्ताओं व आमजन में भी भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।
चार से अधिक लोग नहीं जा पाएंगे-
नामांकन को लेकर कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे, हैल्प डेस्क एवं प्रतिभूति राशि जमा करने के लिए अलग से काउंटर स्थापित किया गया है ताकि नामांकन प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्थाएं न हों। नामांकन के दौरान चार से अधिक व्यक्ति प्रत्याशी के साथ नहीं जा सकेंगे। आलोक रंजन, निर्वाचन अधिकारी झालावाड़।
source https://www.patrika.com/jhalawar-news/no-one-filed-nomination-on-the-first-day-vasundhara-raje-s-meeting-wi-8565747/
Comments
Post a Comment