पंद्रह साल बाद उर्मिला फिर चुनाव मैदान में, कांग्रेस ने झालावाड़-बारां सीट से बनाया उम्मीदवार
झालावाड़. कांग्रेस ने झालावाड़-बारां लोकसभा सीट पर पंद्रह साल बाद फिर पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया की पत्नी उर्मिला जैन भाया को चुनाव मैदान में उतारा है। उर्मिला वर्ष 2009 में इसी सीट पर भाजपा के वर्तमान प्रत्याशी दुष्यन्त सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ी थी। उन्हें करीब 53 हजार मतों से हार का सामना करना पड़ा था।
54 वर्षीय उर्मिला सीनियर सैकेण्डरी पास है। वे पिछले दो दशक से राजनीति में सक्रिय है। वह वर्तमान में बारां की जिला प्रमुख भी है। उनके पति प्रमोद भाया को गत विधानसभा चुनाव में अन्ता सीट से हार का सामना करना पड़ा था। उनके पुत्र यश वर्तमान में बारां युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष है।
टिकट मिलने के बाद उर्मिला जैन ने कहा कि चुनौती काफी बड़ी है, लेकिन सबके सहयोग इस बार उन्हें जीत जरूर मिलेगी। पिछले बीस साल से क्षेत्र के लोगों को मान सम्मान नहीं मिला। जीत के बाद उपेक्षित पड़े क्षेत्र का विकास होगा।
कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी मुश्किल यह है कि झालावाड़-बारां लोकसभा क्षेत्र में 8 में से 7 विधानसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा है। झालावाड़ जिले की झालरापाटन, मनोहरथाना और डग विधानसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा है, जबकि खानपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस का विधायक है।
इधर, बारां जिले की बात करें तो वहां छबड़ा, अंता, बारां और किशनगंज चारों ही सीटों पर विधानसभा चुनाव में भाजपा के विधायक चुने गए हैं। ऐसे में कांग्रेस को इन सीटों पर अपना वोट बैंक बढ़ाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी होगी।
source https://www.patrika.com/jhalawar-news/urmila-again-contesting-elections-after-fifteen-years-8784024/
Comments
Post a Comment