सरपंच के खिलाफ विद्युत चोरी और राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज
पिड़ावा क्षेत्र के रामपुरिया गांव के सरपंच अर्जुन सिंह के खिलाफ जयपुर विद्युत वितरण निगम के अधिशासी अभियंता ने विद्युत चोरी और राजकार्य में बाधा पहुंचाने का मामला पिड़ावा थाने में दर्ज करवाया है।
सरपंच अर्जुन सिंह ने भी अधिशासी अभियंता शंभूनाथ प्रसाद पर 50 हजार की रिश्वत ग्रामीणों से मांगने और पिछले दिनों एक किसान की करंट से मौत होने पर विभाग द्वारा दी गई पांच लाख की सहायता राशि वापस का आरोप लगाया है। सरपंच ने कहा कि जिस ट्रांसफार्मर पर बकाया नहीं चल रहा है, उसे भी खोलकर ले जा रहे हैं। इस पर विरोध करते हुए उन्होंने वह ट्रांसफार्मर ले जाने नहीं दिया, इससे खफा होक उनके खिलाफ थाने में मामला दर्ज करवाया है।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि रामपुरिया गांव में विद्युत निगम का काफी बकाया चल रहा है। गुरुवार को शाम करीब चार बजे वे वसूली के लिए गए थे। इस दौरान सरपंच अर्जुन सिंह द्वारा एक ट्रांसफार्मर पर वेल्डिंग मशीन के तार डालकर विद्युत चोरी की जा रही थी। सरपंच पर विद्युत चोरी के मामले में 17 हजार की पेनल्टी की वीसीआर भरी गई। इसके अलावा इस गांव में 35 से 40 कनेक्शन पर 40 हजार रुपए से ज्यादा बकाया चल रहा है।
एक ट्रांसफार्मर पर पांच और उसके पास ही लगे ट्रांसफार्मर पर 10 से 12 कनेक्शन है। इसलिए दोनों ट्रांसफार्मर के कनेक्शन एक ट्रांसफार्मर पर शिफ्ट कर दूसरा ट्रांसफार्मर निकाल रहे थे, लेकिन सरपंच के कहने पर ग्रामीणों ने उसे नहीं निकालने दिया। इस पर पिड़ावा थाने में सरपंच अर्जुन सिंह और ग्रामीण मेहरबान सिंह के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। सीआई बाबूलाल मीणा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
source https://www.patrika.com/jhalawar-news/case-registered-against-sarpanch-for-electricity-theft-and-obstruction-8764553/
Comments
Post a Comment